श्री शक्रस्तव अभिषेक एवं शांति धारा का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ।


नागदा में पहली बार हुआ संगीतमय श्री शक्रस्तव अभिषेक एवं शांति धारा का भव्य आयोजन
ब्रजेश बोहरा
नागदा जंक्शन (उज्जैन) – श्री शान्तिनाथ जिनालय, जैन कॉलोनी नागदा में मूलनायक दादा श्री शान्तिनाथ भगवान के जन्म कल्याणक एवं दीक्षा कल्याणक दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार प्रातः नगर में पहली बार संगीतमय श्री शक्रस्तव अभिषेक एवं शांति धारा अभिषेक का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम प्रातः 7:30 बजे मंत्रोच्चार एवं मंगल ध्वनि के मध्य प्रारम्भ हुआ। श्रद्धालुओं ने पूजा के वस्त्र धारण कर भगवान का अभिषेक एवं शांति धारा कर धर्मलाभ लिया। संगीतमय प्रस्तुति के साथ हुए अभिषेक ने उपस्थित समाजजनों को आध्यात्मिक वातावरण से भावविभोर कर दिया।

यह आयोजन प्रातः स्मरणीय दादा गुरुदेव श्रीमद विजय राजेन्द्र सूरीश्वर जी म.सा. एवं पुण्य सम्राट श्रीमद विजय जयंतसेन सूरीश्वर जी म.सा. के दिव्य आशीर्वाद तथा गच्छाधिपति श्री नित्यसेन सूरीश्वर जी म.सा. एवं आचार्य देवेश श्री जयरत्न सूरीश्वर जी म.सा. के आज्ञानुवर्ती संत-साध्वीवृंद की पावन निश्रा में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में परम पूज्य मुनि भगवंत श्री संयमरत्न विजय जी म.सा. आदि ठाणा-2, परम पूज्य साध्वी भगवंत श्री अविचलदृष्टा श्रीजी म.सा. आदि ठाणा-7 तथा साध्वी श्री सिद्धश्री जी म.सा. आदि ठाणा-2 की विशेष उपस्थिति एवं निश्रा रही।
धार्मिक आयोजन के लाभार्थी श्री कमलजी–प्रीतिजी जैन एवं स्वर्गीय श्रीमती कमलाबाई बोहरा की स्मृति में बोहरा परिवार, नागदा रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही।
श्री श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जैन श्रीसंघ नागदा एवं श्री राजेन्द्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर ट्रस्ट ने आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी श्रद्धालुओं, लाभार्थी परिवार एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट अध्यक्ष ब्रजेश बोहरा ने कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी समाजजनों का अभिनंदन करते हुए धर्म प्रभावना के ऐसे आयोजनों में निरंतर सहभागिता की अपील की।


