धारप्रदेश

पूर्व राज्यमंत्री व भाजपा नेता अग्रवाल के घर 15 मिनट में लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ

15 मिनीट के अंतरात में दो स्थानों पर चोरी की वारदात एसपी ने किया मौका मुआयना

बदनावर (धार) – नगर के सबसे सुरक्षित और व्यस्त माने जाने वाले जवाहर मार्ग क्षेत्र में बुधवार अल सुबह हुई लाखों रुपए की चोरी की वारदात ने पुलिस और नागरिकों को हैरान कर दिया। कचहरी चौक के समीप स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य मंडी बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर राजेश अग्रवाल के निवास पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने महज 15 मिनट में बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। इससे पूर्व सुबह पांच बजे पेटलावद रोड पर अणुश्री कॉलोनी में सीमेंट व्यवसायी अनिल चौपड़ा के ऑफिस में घुसकर इन्हीं बदमाशों ने नकदी रुपए की चोरी की।
जानकारी के अनुसार तीनों बदमाश सुबह करीब 5ः30 बजे अग्रवाल निवास के पीछे वाले हिस्से से पहुंचे। उन्होंने दरवाजे का नकुचा काटकर घर में प्रवेश किया और सीधे ऊपरी मंजिल पर पहुंच गए। बदमाशों ने घर में मौजूद शोभा अग्रवाल और महक अग्रवाल के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि किसी को उनकी गतिविधियों की भनक न लगे। इसके बाद वे डाइनिंग रूम में रखी अलमारी तक पहुंचे और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, पूजा सामग्री तथा नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। भागते समय बदमाशों के पास से 500 रुपए की एक गड्डी और सोने की एक अंगूठी सीढ़ियों पर गिर गई, जो बाद में परिवार को मिली। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश बड़ी मात्रा में कीमती सामान लेकर गए हैं।


          ◆  सुबह खुला चोरी का राज ◆
महक अग्रवाल द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार परिवार के सदस्य रात करीब 12ः30 बजे सोए थे। सुबह दादी शोभा अग्रवाल ने दरवाजे का ताला टूटा देखा और आवाज लगाई। महक ने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो वह बाहर से बंद मिला। बाहर आने पर डाइनिंग रूम का दरवाजा खुला और अलमारी का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर सोने की लक्ष्मी प्रतिमा, कंगन, चौन, मोती का हार, अंगूठियां, बालियां, झुमके, चांदी के बर्तन, पायल, सिक्के और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद गायब मिले।

● पहले व्यवसायी चौपड़ा के ऑफिस में चोरी ●
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन्हीं बदमाशों ने कुछ मिनट पहले पेटलावद रोड स्थित अणुश्री कॉलोनी में सीमेंट व्यवसायी अनिल चौपड़ा के कार्यालय को भी निशाना बनाया था। बदमाशों ने ऑफिस का दरवाजा तोड़कर नौ हजार 500 रुपए नकद चुरा लिए और दस्तावेज बिखेर दिए। सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया गया। अनिल चौपड़ा का परिवार पहली मंजिल पर रहता है। दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने गैलरी में आकर शोर मचाया तो बदमाश बाइक स्टार्ट कर वहां से भाग निकले और कुछ ही मिनट बाद अग्रवाल निवास पहुंचकर दूसरी वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर, टीआई अमित सिंह कुशवाह और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों ने भी जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। नगरवासियों को अब इस सनसनीखेज चोरी के शीघ्र खुलासे का इंतजार है।

Aaj Tak Hulchal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close

Fatal error: Cannot redeclare tie_popup_search_html() (previously declared in /home/aajtakhulchal/public_html/wp-content/themes/jannah/templates/popup.php:16) in /home/aajtakhulchal/public_html/wp-content/themes/jannah/templates/popup.php on line 16