खेत पर किसान को बंधक बनाकर लूटा ट्रैक्टर बरामद, आरोपी फरार


अमझेरा (धार) – ग्राम बांदेडी में किसान को बंधक बनाकर मारपीट करने के बाद लूटे गए ट्रैक्टर को अमझेरा पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को हातोद मिंडा क्षेत्र से जप्त किया है। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 28 सितंबर की रात करीब 11 बजे ग्राम बांदेडी निवासी पुष्कर पिता गेणालाल धनगाया अपने खेत पर स्वराज 855 लाल रंग का ट्रैक्टर क्रमांक MP 11 ZH 3247 से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और पुष्कर को बंधक बनाकर मारपीट की। आरोपी ट्रैक्टर और उनका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना अमझेरा में अपराध क्रमांक 323/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई। टीम ने गोपनीय सूचना तंत्र सक्रिय करते हुए आरोपियों और लूटे गए ट्रैक्टर की तलाश शुरू की।
पुलिस की लगातार सक्रियता और घेराबंदी से घबराकर अज्ञात आरोपी 2 अक्टूबर की रात हातोद मिंडा में ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर को कल्टीवेटर सहित जप्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर एवं विजय डावर तथा एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के निर्देशन में थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
जप्त मश्रुका: स्वराज 855 लाल रंग का ट्रैक्टर क्रमांक MP 11 ZH 3247 मय कल्टीवेटर, अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपए पुलिस ने जप्त की ।


