उज्जैनधर्म धार्मिक

नवरत्न परिवार व मालवा महासंघ का प्रतिनिधिमंडल होगा चातुर्मास प्रवेश में शामिल, उज्जैन से नागपुर तक आस्था का संगम

उज्जैन (म.प्र.) – जैन समाज के लिए अत्यंत श्रद्धा और आध्यात्मिक महत्व रखने वाले चातुर्मास महोत्सव के अंतर्गत युवा हृदय सम्राट, जिनशासन हितचिंतक, महामांगलिक प्रदाता परम पूज्य आचार्य देव श्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वर जी महाराज साहेब का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश 19 जुलाई को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित श्री सुमतिनाथ स्वामी जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ, रामदास पेठ में आयोजित होगा। इस धर्ममय आयोजन में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
नवरत्न परिवार के राष्ट्रीय सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष राजेश जैन “डग वाला” (उज्जैन) ने जानकारी देते हुए बताया कि जैन धर्म में चातुर्मास का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। वर्षा ऋतु के चार महीनों में साधु-साध्वी भगवंत एक स्थान पर विराजमान रहकर धर्म आराधना, तप, त्याग, स्वाध्याय एवं प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आत्मकल्याण का मार्ग दिखाते हैं। चातुर्मास के दौरान पर्युषण महापर्व, प्रतिक्रमण, तप एवं विभिन्न धार्मिक आराधनाएं संपन्न होती हैं।
उन्होंने बताया कि नवरत्न परिवार एवं अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मालवा महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में उज्जैन से श्रद्धालुओं का प्रतिनिधिमंडल 18 जुलाई की सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस से नागपुर के लिए रवाना होगा। प्रतिनिधिमंडल में नवरत्न परिवार के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय जैन, राष्ट्रीय वैयावच्च प्रमुख प्रीतेशजी ओस्तवाल, शैलेंद्र जैन, सुनील जैन (एम.बी. ऑफसेट), मालवा महासंघ ग्रामीण संयोजक सुधीर जैन, दीपक जैन, अंकित जैन, हेमंत जैन सहित 100 से अधिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल रहेंगे।
इस अवसर पर नवरत्न परिवार के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष संजय जैन (आवर) भी यात्रा में राजस्थान प्रदेश के सभी साथियों के साथ उपस्थित रहेंगे।
राजेश जैन “डग वाला” ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल आचार्य श्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वर जी महाराज साहेब के मंगल प्रवेश महोत्सव में सहभागी बनकर गुरु आशीर्वाद प्राप्त करेगा।
उन्होंने समाज के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में धर्म, संस्कार, गुरु भक्ति और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
साभार – उज्जैन जैन न्यूज़

Aaj Tak Hulchal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close