कल से प्रारंभ होगा छः दिवसीय ग्रीष्मकालीन अणु आवासीय संस्कार शिविर


बदनावर में बालक वर्ग एवं नागदा में बालिका वर्ग शिविर में भाग लेगे
बदनावर (धार) – संस्कारों से ही बच्चों का भविष्य सँवरता हैं और बच्चों में संस्कारों का प्रारंभिक बीजारोपण बचपन में मां के द्वारा मिलता हैं। लेकिन वहीं धर्म के संस्कार की बढ़ती पायदान नियमित पाठशाला व संस्कार शिविर के माध्यम से होती हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए आचार्यश्री उमेशमुनिजी म.सा. के दिव्य आशीर्वाद एवं धर्मदास गणनायक, प्रवर्तकश्री जिनेंद्रमुनिजी म.सा. के कृपामय आशीर्वाद से जैन समाज की भावी पीढ़ी में संस्कारों का बीजारोपण करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष ग्रीष्मकालीन आवासीय शिविर का आयोजन धर्मदास गण परिषद की युवा शाखा अखिल भारतीय श्री धर्मदास स्थानकवासी जैन युवा संगठन के द्वारा किया जाता है।
◆11 से 16 मई तक लगेगा यह शिविर◆
इस वर्ष यह शिविर बदनावर व नागदा (धार) श्री संघ के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा हैं। इसके अंतर्गत इस वर्ष छः दिवसीय ग्रीष्मकालीन अणु आवासीय संस्कार शिविर का आयोजन 11 मई से 16 मई तक होगा। 17 मई को समापन समारोह होगा इसके अंतर्गत बालक वर्ग का बदनावर एवं बालिका वर्ग का नागदा (धार) में शिविर का आयोजन होगा। दोनों स्थानों पर आयोजित शिविर में कई श्री संघों के बालक – बालिकाएं बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
●14 संयमी आत्माओं का मिलेगा सानिध्य ●
बदनावर में यह शिविर तत्वज्ञश्री धर्मेंद्रमुनिजी म.सा., संदीपमुनिजी म.सा., अभयमुनिजी म.सा., जंयतमुनिजी म.सा., प्रशस्तमुनिजी म.सा., सुयशमुनिजी म.सा., प्रसन्नमुनिजीम.सा., संजीवमुनिजी म. सा. ठाणा – 8 एवं साध्वी श्री मधुबालाजी, सुनीताजी आदि ठाणा – 6 सहित कुल 14 संयमी आत्माओं का पावन सानिध्य मिलेगा। वहीं नागदा (धार) में साध्वीश्री पुण्यशीलाजी आदि ठाणा 8 के सानिध्य में होगा शिविर। अखिल भारतीय श्री धर्मदास स्थानकवासी जैन युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग नाहर (लीमखेडा़) ने बताया कि उक्त आयोजित शिविर में 10 वर्ष से 22 वर्ष तक के बच्चें भाग ले सकेंगे।
◆ ज्ञान में अभिवृद्धि का शिविर ◆
जैन युवा संगठन ने अभिभावक जन से आह्वान किया कि बच्चों में धर्म के संस्कारों का बीजारोपण करने एवं धार्मिक ज्ञान में अभिवृद्धि के लिए अपने बच्चों को अणु आवासीय संस्कार शिविर में अवश्य भेजें। यह शिविर बच्चों के जीवन को संस्कारवान बनाने व जीवन धर्ममय संवरने के लिए सहायक रूप में मुख्य भूमिका निभाएगा।



