

बदनावर (धार) – उत्तम सेवा न्यास के तत्वावधान में कल यहां आदिवासी बहुल पश्चिम क्षेत्र से बदनावर तक पर्यावरण हितैषी कावड़ यात्रा धूमधाम से निकाली गई। जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।
यात्रा सुबह पेटलावद रोड पर ग्राम खाकरोड़ स्थित माही नदी से पूजन कर शुरू हुई। न्यास के प्रमुख मनोज सोमानी व कावड़ियों ने पूजन कर मंदिर में संकट मोचन हनुमानजी के दर्शन किए और जल भरकर श्री बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक करने के लिए निकले।
ग्राम भैंसोला में पीएम मेगा पार्क में धर्मसभा हुई। यात्रा संयोजक मनोज सोमानी, अतिथि संत स्वामी श्रीसत्यश्रेय गिरी ऋषिराज महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह कार्यवाह रघुवीरसिंह, जनजातीय विकास मंच के प्रांत सहसंयोजक रूपसिंह नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष नीलेश भारती, मंच के रामप्रसाद मछार, जिला उपाध्यक्ष पूंजालाल गिरवाल, तहसील अध्यक्ष रवि देवदा, सनातन विचारक सुभाष पटेल मौजूद थे।
सोमानी ने स्वागत उद्बोधन में यात्रा के उद्देश्यों को बताया।
कहा कि यात्रा गत 19 वर्षों से समरसता के भाव एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर निकाली जा रही है। ईसाई मिशनरी द्वारा किए जा रहे भोले भाले आदिवासी भाइयों के धर्मांतरण को रोकने हेतु यात्रा शुरू की गई थी। जो आज वृहद रूप ले चुकी है।
भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं समरसता के उद्देश्य को लेकर निकलने वाली यह यात्रा नए आयामों को छू रही है। रूपसिंह नागर ने कहा कि जाति वर्ग में भिन्नता के भाव को दूर कर सनातन गौरव को स्थापित करना है। यह अपने उद्देश्य में सफल रही है। स्वामी सत्यश्रेय गिरी ऋषिराज महाराज ने कहा कि समाज में समरसता आने से ही आज सनातन की शक्ति बढ़ी है। जात-पात की लड़ाई से ऊपर उठकर संपूर्ण सनातन समाज एक जाजम पर आ रहा है। इससे दुनिया में सनातन की विचारधारा मजबूत हुई है।

मार्ग में ग्राम भैंसोला, छायन, लीलीखेड़ी, संदला केंद्रफाटा सहित कई जगह ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कावड़ यात्रियों के लिए फलाहार, खीर, चाय, पानी की व्यवस्था की गई। यात्रा के आगे गीत भजन बजाते हुए डीजे तथा उसके पीछे केसरिया ध्वज लेकर कंधे पर कावड़ उठाकर श्रद्धालु चल रहे थे।
करीब 28 किमी पेदल चलकर दोपहर बाद किया जलाभिषेक
श्रीबैजनाथ महादेव मंदिर आए। जहां भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। नगर प्रवेश पर विभिन्न दलों, सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं शुभचिंतकों ने कावड़ियों एवं यात्रा संयोजक मनोज सोमानी का जोश खरोश से स्वागत किया। भोलेनाथ को जल अर्पण करने के बाद कृषि उपज मंडी में श्रद्धालुओं के लिए समरसता भोज रखा गया।
कावड़ यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ राजेश अग्रवाल, जिला संगठन प्रभारी श्याम बंसल भी शामिल हुए। धर्मसभा के मंचीय कार्यक्रम का संचालन प्रीतेशसिंह पंवार ने किया। आभार रवि देवदा ने माना।



