

दिलीप दरड़ा
बखतगढ़ (धार) – जैन समाज को संगठित करना ही हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए और मैं हमेशा इसका प्रयास करता रहूंगा। समाज संगठित होगा तो धार्मिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास होगा। किसी भी कार्य को या तो पकड़ना नहीं और पकड़ा है तो उसे किसी भी परिस्थिति में छोड़ना नहीं। कार्य करने के दौरान चुनौतियां आएगी, लेकिन अपने लक्ष्य को सामने रखते हुए दृढ़ता के साथ आगे बढ़ते जाएं, कामयाबी अवश्य मिलेगी। ये प्रेरणादायी उपदेश मालव भूषण आचार्यश्री नवरत्नसागरजी म. सा. के शिष्य आचार्यश्री विश्वरत्नसागरजी म. सा. ने नर्सिंग वाटिका इंदौर में जैन पत्रकार प्रकोष्ठ मालवा महासंघ के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक में फरमाए। आचार्यश्री ने नवकार महामंत्र एवं मांगलिक श्रवण करवाकर बैठक प्रारंभ करवाई। बैठक में प्रदेशभर से विभिन्न क्षेत्र के पत्रकार पदाधिकारियों सहित बदनावर तहसील के बखतगढ़ से महासंघ के प्रदेश सलाहकार दिलीप दरड़ा एवं साथी भी शामिल हुए।
● शीघ्र ही प्रांतीय सम्मेलन आयोजित होगा ●
आचार्यश्री ने कहा कि संगठन का सम्मेलन आयोजित करके प्रदेशभर के जैन पत्रकारों को सम्मानित कर प्रदेश के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों आदि को शपथ दिलाई जाएगी। सम्मेलन शीघ्र ही सितंबर माह में आयोजित होगा।
युवा एवं समाज को धर्म से
जोड़ने की आवश्यकता
श्री कीर्ति रत्नसागरजी म. सा. ने विभिन्न प्रेरणादायी उपदेशों के माध्यम से कहा कि आज इस आकर्षण एवं लोलुपता से परिपूर्ण माहौल के चलते युवा वर्ग एवं समाज भी धर्म से दूर होता जा रहा है। सभी को धर्म से जोड़ने की नितांत आवश्यकता है। यदि इन्हें समय रहते धर्म से नहीं जोड़ा गया तो गलत दिशा में जाकर रास्ता भटक जाएंगे।
जैन पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए
बैठक में जैन पत्रकार प्रकोष्ठ मालवा महासंघ के प्रदेश संयोजक दीपक दुग्गड इंदौर ने समाज के जरुरत मंद परिवारों के लिए चातुर्मास में एक बोली साधर्मिक के नाम पर लगाने की बात कही। प्रदेश सलाहकार प्रकाशचंद्र लोढ़ा टांडा ने कहा कि सभी साधु भगवन्तों को मिलकर समग्र जैन समाज को संगठित करना होगा। प्रदेश सचिव महावीर जैन इंदौर ने दिगंबर श्वेताम्बर सहित समाज के सभी पंथ को एक साथ जोड़ने की बात कही। मालवा महासंघ के संगठन मंत्री अभय चौपड़ा नागदा जंक्शन ने बताया कि समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल गुरु भगवंत के खिलाफ बोलने वाले का ताकत से पुरजोर विरोध करना चाहिए। पत्रकार महासंघ के इंदौर जिलाध्यक्ष अनिल लोढ़ा ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी मध्यम वर्गीय को है जो अपनी जरूरत किसी को स्वाभिमान के दृष्टिगत नहीं बताते। ऐसे परिवार की सहायता करना सच्ची साधर्मिक सेवा होगी। संगठन मंत्री नितेश लुणिया कसरावद ने बताया कि जैन समाज के लोगों को पत्रकारिता से जुड़ना चाहिए ताकि समाज को विरोधी ताकतों से बचाया जा सके।
महासंघ के ये प्रदेश के पदाधिकारी थे उपस्थित
बैठक में राहुल जैन नीमच, प्रकाश बरोड़ जावरा, सुनील बाफना राजगढ़, प्रवीण मंडलेचा दसई, गणतंत्र मेहता रतलाम, अशोक पोखरना मनावर, दिलीप दरड़ा बखतगढ़, आशीष जैन इंदौर, मनोज जैन, महेंद्र जैन बड़ौद, शुभम गादिया टांडा आदि उपस्थित थे। बैठक का समापन गुरुदेव के मुखारविंद से मांगलिक श्रवण करवाकर किया गया। प्रदेश संयोजक दीपक दुग्गड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया।



