उज्जैन

चलती ट्रेन में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार


उज्जैन (म.प्र.) –  चलती ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का जीआरपी उज्जैन ने खुलासा किया है। पुलिस ने जयपुर एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला यात्री का ट्रॉली बैग चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और ₹8 हजार नकद सहित करीब ₹55 हजार कीमत का मश्रुका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 18 जुलाई 2026 की है। ट्रेन क्रमांक 12968 जयपुर एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला यात्री का ट्रॉली बैग चोरी हो गया था। शिकायत पर थाना जीआरपी उज्जैन में अपराध क्रमांक 374/26, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।


◆ सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी◆
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के नागदा आउटर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरकत हुसैन (49) और अब्दुल मन्नान (55), निवासी राउरकेला, ओडिशा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने जयपुर एक्सप्रेस से महिला यात्री का बैग चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ट्रेनों में चोरी करने के बाद सामान बेच देते थे और उससे प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।
◆ पुराने चोरी के मामलों से भी जुड़े मोबाइल ◆
जांच के दौरान आरोपियों के पास से बरामद दो मोबाइल फोन के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार दोनों मोबाइल पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए हैं। वहीं आरोपी अब्दुल मन्नान का जीआरपी दुर्ग में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य रेल चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
◆ एक सप्ताह में 10 मोबाइल बरामद ◆
जीआरपी उज्जैन द्वारा यात्रियों के सामान की चोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में अलग-अलग प्रकरणों में 10 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹2 लाख है। पुलिस का कहना है कि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी एवं जांच लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता, आरपीएफ निरीक्षक विकास गुर्जर, उप निरीक्षक राजेंद्र मीणा सहित जीआरपी एवं आरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Aaj Tak Hulchal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close