

प्रवीण मंडलेचा
अमझेरा (धार) — ग्राम जयंतीमाता स्थित जयंती माता मंदिर में 27 सितंबर को हुई चोरी का पुलिस ने आठ दिन बाद खुलासा कर दिया। उनि दिनेशसिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका में पुलिस टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन चांदी के छत्र, एक चांदी का मुकुट, एक जोड़ी चांदी के कान के झुमके सहित वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP09ZP0956, पाना, पेचकस और कटर बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 27 सितंबर की रात अज्ञात बदमाशों ने जयंती माता मंदिर का ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया था। बदमाश मंदिर से चांदी का मुकुट, चांदी का कंदोरा, एक जोड़ी चांदी के कान के झुमके, तीन चांदी के छत्र तथा दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना अमझेरा पर अपराध क्रमांक 324/26 के तहत धारा 305, 331(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था।
◆ टीम गठित कर शुरू की जांच ◆
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजू मकवाना के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम में उनि दिनेशसिंह यादव सहित पुलिसकर्मियों एवं साइबर सेल की टीम को शामिल किया गया। टीम ने लगातार संदिग्धों की पतारसी करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।

◆ मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी पकड़े ◆
पुलिस को 7 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर मांगोद-कानवन रोड स्थित ग्राम भरावदा फाटे से मगरसिंह पिता जालमसिंह मेडा (40), नूरसिंह उर्फ नूरू पिता जालमसिंह मेडा (30) और बाजू उर्फ बहादूर पिता वालसिंह सप्निया (31), सभी निवासी ग्राम चुन्पिया आम्बापुर, थाना टांडा, जिला धार, को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का मश्रुका तीन चांदी के छत्र, एक चांदी का मुकुट और एक जोड़ी चांदी के झुमके बरामद किए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए गए पाना, पेचकस व कटर भी जब्त किए गए हैं।
◆ एक आरोपी फरार, तलाश जारी ◆
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी किया गया चांदी का कंदोरा नूरसिंह निवासी बड़कच्छ को बेचने के लिए दिया था। उक्त आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
◆ पुलिस टीम को पुरस्कार की घोषणा ◆
मामले का खुलासा करने वाली टीम में उनि दिनेशसिंह यादव, प्रआर मेहरबानसिंह गुर्जर, भारतसिंह बामनिया, मन्नुसिंह भूरिया, अमित पाठक, आरक्षक रमेश भोसले, सैनिक जितेन्द्रसिंह सहित साइबर सेल प्रभारी भूपेन्द्र खरतिया, प्रआर सर्वेशसिंह सोलंकी, आरक्षक मनीष पाल, भानूप्रतापसिंह, प्रशांत, रोहित नरगावे एवं नगर रक्षा समिति सदस्य महेश सोलंकी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक धार द्वारा टीम को उचित पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।



