विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर सामूहिक जाप करके समाज के गौरव में अभिवृद्धि की


विश्वभर में एक साथ जाप का अनूठा भागीरथी अभियान का हुआ आयोजन
दिलीप दरड़ा
बखतगढ़ (धार) – नवकार महामंत्र में अदभुत शक्ति है। इसका जिसने भी श्रद्धा व भावपूर्वक स्मरण किया है। निश्चित ही उसके लिए सुफल मिला है। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) ने एक ऐतिहासिक भागीरथी अभियान प्रारंभ करने की अनुपम पहल की थी। जिसका परिणाम अकल्पनीय मिल रहा है। जीतो के एक ही आह्वान पर 9 अप्रैल गुरुवार को विश्वभर में “विश्व नवकार महामंत्र दिवस” मनाया गया। यह एक वैश्विक कार्यक्रम आयोजित हुआ है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शांति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार करना है। जिसमें भारत सहित 108 देशों के 6,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ निर्धारित एक ही समय में एक स्वर में नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया गया।
विश्व शांति और प्राणी मात्र के कल्याण हेतु जाप
जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) के आह्वान पर सकल जैन श्री संघ बखतगढ़ के तत्वावधान में श्री वर्धमान स्थानक भवन बखतगढ़ पर प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप का आयोजन किया गया। जिसमें श्रावक श्राविकाओं ने विश्व शांति और प्राणी मात्र के कल्याण हेतु नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के इस पवित्र आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जाप के पश्चात सभी ने सामूहिक वंदना कर मांगलिक श्रवण की। इस अवसर पर जैन समाज के वरिष्ठ चंद्रप्रकाश व्होरा, हेमेंद्र मोदी, दिलीप दरड़ा, अनिल बड़ौला, विनम्र दरड़ा, झमुबाई दरड़ा, राजलबाई दरड़ा, पुष्पाबाई ओरा, चंदाबाई व्होरा, पुष्पा मोदी, सुभद्रा गादिया, मधु बोहरा, अंगूर पी. वरमेचा, मंजू डांगी, आशा दरड़ा, मंजू व्होरा, रेखा ओरा, नीलू वरमेचा, प्रियंका गादिया, जया दरड़ा आदि उपस्थित थे।
कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा
यह सामूहिक जाप न केवल आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम बनेगा, बल्कि विश्व शांति और प्राणी मात्र के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। जो अनुमोदनीय होकर सभी के लिए प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय है।
समाज संगठन एवं गौरव में अभिवृद्धि की
इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप में सहभागी बनकर और इस पवित्र शक्ति का अनुभव कर जैन समाज ने अपने संगठन एवं गौरव में अभिवृद्धि की है।



