तत्वज्ञ श्री धर्मेंद्रमुनिजी म.सा. ठाणा 4 का हुआ मंगल प्रवेश

दिलीप दरड़ा
बखतगढ़ (धार) – जिनशासन गौरव आचार्यश्री उमेशमुनिजी म.सा. (अणु) के सुशिष्य धर्मदास गणनायक प्रवर्तक श्री जिनेंद्रमुनिजी म.सा. के आज्ञानुवर्ती तत्वज्ञ श्री धर्मेंद्रमुनिजी म.सा., श्री प्रशस्तमुनिजी म.सा., श्री प्रसन्नमुनिजी म.सा. एवं श्री ललितमुनिजी म.सा. ठाणा 4 का शुक्रवार को प्रातः कोद से विहार होकर बखतगढ़ के श्री वर्धमान स्थानक भवन में मंगल प्रवेश हुआ। गौरतलब है कि मुनिवृंद का खिरकिया, छनेरा, खालवा, खंडवा, खरगोन, बलकवाड़ा, कसरावद, मंडलेश्वर, बबलई, मानपुर, नागदा (धार), कोद आदि क्षेत्रों में धर्म प्रभावना करने के बाद बखतगढ़ में मंगल पदार्पण हुआ। श्रावक श्राविकाओं ने कोद रोड़ पर पहुंचकर आचार्यश्री, प्रवर्तकश्री एवं मुनिवृंद के जयकारों के साथ चारित्र आत्माओं की अगवानी की। संयमी आत्माओं को श्रीसंघ के श्रावक श्राविकाओं ने बखतगढ़ के स्थानक भवन में सामूहिक वंदना कर विहार की सुखसाता पूछी। यहां तत्वज्ञश्री धर्मेंद्रमुनिजी म.सा. ने सभी को नियमित नियम देते हुए मांगलिक श्रवण करवाकर नियमित धर्म आराधना करने की प्रेरणा दी। श्रीसंघ ने श्रावक-श्राविकाओं से संयमी आत्माओं के दर्शन, वंदन, मांगलिक, अनुज्ञा, व्याख्यान, वाचनी श्रवण, ज्ञान चर्चा, प्रतिक्रमण आदि का लाभ लेने का आह्वान किया।



